रामबन। जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह एक ट्रक करीब 250 फीट नीचे नाचनाला नाले में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक वाहन के अंदर फंस गया, जिसे पुलिस और बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 6:10 बजे नाचनाला के पास हुआ। ट्रक जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरा। सूचना मिलते ही रामसू पुलिस थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चालक को वाहन के अंदर से निकालने के लिए सेना की 23 राष्ट्रीय राइफल्स, स्थानीय क्विक रिस्पॉन्स टीम के जवानों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया।
हाइड्रोलिक कटर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उपचार के लिए उप-जिला अस्पताल बनिहाल पहुंचाया गया। चालक की पहचान जोगिंदर सिंह निवासी रोड़ा वाला अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।