श्रीनगर। कश्मीर में मार्च के अंत में मौसम का मिजाज सामान्य है। वीरवार को दिनभर हल्के बादल छाए रहे। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 31 मार्च तक एक बार फिर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
वीरवार को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक है। कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक है।
पहलगाम में अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.0 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रहा जो सामान्य से 6.6 डिग्री अधिक है। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है, वहीं न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.0 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार 27-28 मार्च को आम तौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी (ऊंचे इलाकों में) हो सकती है। 29-30 मार्च को आम तौर पर बादल छाए रहेंगे और 31 मार्च की सुबह तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी (ऊंचे इलाकों में) होने की संभावना है। साथ ही गरज के साथ तेज हवाएं (40-50 किमी प्रतिघंटा) भी चल सकती हैं। 31 मार्च को आम तौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के छोटे-छोटे दौर आ सकते हैं। 1-4 अप्रैल को आंशिक रूप से या आम तौर पर बादल छाए रहेंगे।
किसानों को सलाह दी जाती है कि वे 29-31 मार्च के दौरान खेती से जुड़े सभी काम रोक दें। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे 29-31 मार्च के दौरान ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।