श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने और ज़मीनी तैयारियों को और पुख्ता करने के लिए एसएसपी अनंतनाग आमोद अशोक नागपुरे ने जोजीबल सेक्टर का दौरा किया।
दौरे के दौरान एसएसपी ने जोजीबल में स्थापित बेस कैंप का निरीक्षण किया और वहां कैंप डायरेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित विभिन्न नागरिक विभागों के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य, जवानों की तैनाती के पैटर्न, आपातकालीन स्थिति से निपटने के तंत्र और श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे आपस में बेहतरीन तालमेल बनाए रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति या मौसम के बदलाव के दौरान तुरंत और प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
इस दौरे के दौरान एसएसपी ने खुद आगे बढ़कर अमरनाथ यात्रियों से मुलाकात की। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, ठहरने की व्यवस्था और यात्रा के अनुभवों के बारे में जाना।
इसके अलावा श्रद्धालुओं की मदद के लिए तैनात माउंटेन रेस्क्यू टीमों (एमआरटी) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवानों की तैयारियों की भी एसएसपी ने बारीकी से जांच की। उन्होंने रेस्क्यू टीमों को हर समय अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया।