श्रीनगर। विश्व प्रसिद्ध डल झील में वीरवार देर रात एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब घाट नंबर-6 के पास पानी भरने के कारण डूब रही एक हाउसबोट को विभिन्न आपातकालीन बचाव दलों ने त्वरित और समन्वित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बचा लिया। कड़ाके की ठंड और रात के माइनस तापमान के बावजूद सीआरपीएफ, रिवर पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों ने घंटों मशक्कत कर झील के बीच पानी निकालने का अभियान चलाया। इससे न केवल हाउसबोट को जलमग्न होने से बचाया गया बल्कि उसमें मौजूद लोगों की जान भी बचाई गई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार वीरवार देर रात आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि डल झील के घाट नंबर-6 के समीप एक हाउसबोट में अचानक पानी भरने लगा है और वह धीरे-धीरे झील में डूब रही है। जिस समय यह हादसा पेश आया, उस वक्त हाउसबोट के भीतर मालिक और उसके पारिवारिक सदस्य मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही बिना कोई समय गंवाए सीआरपीएफ की सी/144 बटालियन, रिवर पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग की संयुक्त टीमें भारी-भरकम डी-वाटरिंग पंपों और आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं।
रात के घने अंधेरे और हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच बचाव कर्मियों ने झील के ठंडे पानी में उतरकर मोर्चा संभाला। सबसे पहले हाउसबोट के भीतर फंसे मालिक और उनके परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद टीमों ने आपसी तालमेल के साथ हाउसबोट में रखे कीमती सामान और अन्य घरेलू सामग्री को बाहर निकालकर सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया, ताकि नुकसान को कम से कम किया जा सके।
बचाव दलों ने हाउसबोट का संतुलन बनाए रखते हुए डी-वाटरिंग पंपों की मदद से तेजी से पानी बाहर निकालना शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि रात के माइनस तापमान में इस तरह के अभियान को अंजाम देना बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन जवानों और बचाव कर्मियों के जज्बे के आगे ठंड भी बेअसर रही।
लगातार चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद हाउसबोट से सारा पानी निकाल लिया गया और उसे पूरी तरह डूबने से बचा लिया गया। स्थानीय लोगों और हाउसबोट मालिक ने संकट की इस घड़ी में तुरंत मदद पहुंचाने और बड़ा आर्थिक व जानी नुकसान टालने के लिए सीआरपीएफ, रिवर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों का आभार व्यक्त किया है।