संवाद न्यूज एजेंसी
बांदीपोरा। जिले के बोनियार गांव के दर्जनों छात्र और स्थानीय लोगों ने मंगलवार को जलशक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि बार-बार आश्वासन और सरकारी योजनाओं के बावजूद गांव में पीने का पानी नहीं मिल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने बांदीपोरा-अलूसा सड़क स्थित ओनागाम पर करीब आधे घंटे तक जाम कर दिया। इससे यातायात बाधित हुआ। उन्होंने जिला प्रशासन से तुरंत दखल की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार की हर घर नल योजना उनके गांव में सिर्फ कागजों तक सीमित है। परिवार आज भी सुरक्षित पेयजल के लिए संघर्ष कर रहा है। छात्रों ने कहा कि हमारी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पढ़ाई पर ध्यान देने के बजाय हम घंटों पानी का इंतजाम करने में लगा देते हैं।
स्थानीय ने कहा कि गांव लंबे समय से पानी की भारी किल्लत झेल रहा है। हम सरकारी दफ्तरों के दर्जनों चक्कर लगा चुके हैं। हर बार वादा किया जाता है कि समस्या हल होगी, लेकिन कुछ नहीं बदलता। हम खाली आश्वासनों से थक गए हैं। स्थानीय प्रदर्शनकारी हमीदा ने चेतावनी दी कि लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है। आज हमने आधे घंटे सड़क बंद की।
अगर प्रशासन ने अनदेखी जारी रखी तो हम प्रदर्शन और तेज करेंगे। हम सिर्फ पीने के पानी का बुनियादी अधिकार मांग रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और जलशक्ति विभाग से मांग की कि वे तुरंत नियमित जल आपूर्ति बहाल करें और संकट को बढ़ने से पहले हल करें। उन्होंने कहा कि अगर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में वे बड़ा आंदोलन करेंगे।