श्रीनगर। भारतीय सेना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। श्रीनगर स्थित सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि 5 जुलाई से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सेना भर्ती कार्यालय श्रीनगर द्वारा भर्ती रैली 17 सितंबर से 30 सितंबर तक उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के हैदरबेग और पट्टन में आयोजित की जाएगी।
प्रवक्ता के अनुसार श्रीनगर, अनंतनाग, बारामुला, पुलवामा, बडगाम, कुपवाड़ा, शोपियां, गांदरबल, बांदीपोरा और कुलगाम जिलों के अलावा लद्दाख के कारगिल और लेह जिलों से संबंधित उम्मीदवार आवश्यक शैक्षणिक योग्यता के साथ आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार एक अक्तूबर 1999 से 1 अप्रैल 2005 (दोनों तिथियों सहित) के बीच पैदा हुए हों। सभी पात्र अविवाहित पुरुष उम्मीदवार अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेडमैन की श्रेणियों के तहत नामांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण 5 जुलाई 2022 से 3 अगस्त 2022 तक वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.in) पर ऑनलाइन खुला है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे जल्द से जल्द ऑनलाइन पंजीकरण करें। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि सेना भर्ती कार्यालय, श्रीनगर ने सलाह दी है कि भर्ती एक मुफ्त सेवा है और चयन निष्पक्ष और विशुद्ध रूप से योग्यता के आधार पर होता है। किसी को पैसे देने की जरूरत नहीं है। विवरण ईमेल आईडी (arosrinagarvwx@gmail.com) और लैंडलाइन नंबर (0194-2311282/2310164) पर प्राप्त किया जा सकता है।