श्रीनगर। बडगाम में कश्मीरी पंडित राहुल भट की हत्या के बाद अब कश्मीरी पंडित युवा अपनी सुरक्षा के लिए खुद हथियार उठाने को तैयार हो गए हैं। वह राज्य और केंद्र सरकार से मांग कर रहे हैं उन्हें रक्षा के लिए खुद की सशस्त्र बटालियन की जरूरत है जिसके लिए सरकार को विचार करना चाहिए। बता दें कि हाल ही में भाजपा के पूर्व सांसद ने भी कश्मीरी पंडितों के कश्मीर में पुनर्वास से पहले उनकी सुरक्षा के लिए एक विशेष बल खड़ा करने का सुझाव दिया था।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रवक्ता साहिल टिक्कू ने घाटी में रह रहे कश्मीरी पंडितों की अपनी बटालियन की मांग की है ताकि वह लोग अपनी सुरक्षा खुद कर सकें। टिक्कू ने अपने ट्विटर हेंडल पर किए गए एक ट्वीट में लिखा, समय आ गया है कि केंद्र सरकार कश्मीरी पंडित युवाओं को हथियार दे। उन्होंने इस ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और भारतीय सेना के एडीजीपीआई को टैग किया है।
साहिल टिक्कू की मांग का कई लोगों ने समर्थन किया है। राजीव ने समर्थन करते हुए कहा, अगर सरकार रक्षा नहीं कर सकती तो मांग जायज है। एक अन्य ने ट्विटर पर लिखा, हां, यही वह चीज है जिसकी वास्तव में आवश्यकता है। बता दें कि भाजपा नेता और पूर्व सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने हाल ही में श्रीनगर के शेर ए कश्मीर पार्क में आयोजित अंतर सामुदायिक सांस्कृतिक उत्सव नवरेह मिलन के दौरान कहा था कि कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा के लिए पूर्व सैनिकों का एक विशेष बल बनाया जाना चाहिए ताकि वे बिना किसी डर के घाटी में लौट सकें और रह सकें। उन्होंने कहा था कि कश्मीरी पंडितों ने जो अनुभव किया, वह दोबारा नहीं होना चाहिए।