श्रीनगर। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में नौकरी मुहैया कराने वाली एजेंसी द्वारा धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। श्रीनगर पुलिस ने 70 हजार रुपये लेकर फरार हुई नौकरानी और एजेंट को गिरफ्तार कर लिया। दोनों दिल्ली भागने की फिराक में थे। 70 हजार रुपये घर के मालिक से एक साल का अग्रिम भुगतान लिया था। इस बीच पुलिस ने स्थानीय लोगों से चौकन्ना रहने की अपील की है।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक मंगलवार को शिकायतकर्ता मुजमिल हयात निवासी कदीम मस्जिद लेन, लाल बाजार श्रीनगर ने लिखित शिकायत दी थी कि उन्होंने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से करिश्मा मेड ब्यूरो के माध्यम से एक नौकरानी को काम पर रखा था। 9 मई, 2022 को दोपहर लगभग 3.30 बजे करिश्मा मेड ब्यूरो ने नौकरानी अर्चना चौहान को एजेंट रजनी झा के साथ उनके घर भेज दिया।
उन्होंने बताया कि एजेंट को एक वर्ष की अग्रिम राशि 74 हजार रुपये दी गई। हालांकि हैरानी की बात यह है कि नौकरानी और एजेंट दोनों 74 हजार रुपये के अग्रिम भुगतान के साथ सुबह तड़के उनके घर से भाग गए। अधिकारी ने बताया कि इस सूचना के आधार पर लाल बाजार पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 420 और 120 के तहत मामला दर्ज किया गया और तुरंत कार्रवाई शुरू की गई।
अधिकारी ने बताया कि एजेंट और नौकरानी को पकड़ने के लिए एसडीपीओ हजरतबल और एसएचओ लाल बाजार की निगरानी में तेजी से कार्रवाई करते हुए विभिन्न टीमों का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय स्त्रोतों का फायदा उठाकर इन दोनों महिलाओं को काजीगुंड क्षेत्र से 74,000 के अग्रिम नकद भुगतान के साथ कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इस घटना के बाद आम जनता से अनुरोध किया है कि नौकर उपलब्ध कराने वाली कंपनियों की प्रमाणिकता का पता लगाने के लिए पुलिस से संपर्क करें और नौकर को काम पर रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन करें।