श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा में नार्को टेररिज्म मामले में 9 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिछले साल जिले के करनाह क्षेत्र में भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और नशीले पदार्थ बरामद किए थे।
एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार छह आरोपियों और पाक अधिकृत कश्मीर में बैठ उनके तीन आकाओं के खिलाफ एनआईए कोर्ट बारामुला में चार्जशीट दायर की गई। छह आरोपियों में आदिल हुसैन शाह निवासी तकिया बहादुर कोटे करनाह, फरीज हुसैन शाह निवासी पदना प्रादा करनाह, रफीक अहमद तंच निवासी बयादी करनाह, अमीर फरीद तंच निवासी बियादी करनाह, मोहम्मद फारूक बदन निवासी अमरोही करनाह और उमर अशरफ लोन निवासी विजीपोपरा हाजिन जिला बांदीपोरा शामिल हैं।
अधिकारी के मुताबिक जांच में पता चला है कि नौ आरोपी जिनके खिलाफ चार्जशीट दायर की गई है। ये सभी नियंत्रण रेखा के पार से हथियार, विस्फोटक और नशीले पदार्थों की तस्करी और घाटी में सक्रिय आतंकवादियों को आपूर्ति करने की साजिश में शामिल थे। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए पैसे का इंतजाम करते थे।
इस मामले में सीआरपीसी की धारा 299 के तहत पाकिस्तान स्थित आतंकवादी आकाओं के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया है, जिसमें मोहम्मद सादिक शाह मूल निवासी पंजतारा करनाह, तंजीर अहमद मूल निवासी करनाह मुजफ्फराबाद और महमूद शाह मूल निवासी पंजतारा करनाह है। अधिकारी के अनुसार आरोपी आदिल शाह की गिरफ्तारी के बाद 2 नवंबर 2021 को कुपवाड़ा जिले के करनाह पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था, जिसके कब्जे से 2 एके राइफल्स, 2 एके मैगजीन और 208 एके राउंड बरामद किए गए थे। आगे की जांच में 4 पिस्टल, 5 पिस्टल मैगजीन और ब्राउन शुगर का एक पैकेट बरामद किया गया और मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच एडिशनल एसपी कुपवाड़ा प्रदीप सिंह की देखरेख में डीएसपी सैयद मजीद ने की।