श्रीनगर। जम्मू संभाग के बनिहाल से उत्तरी कश्मीर के बारामुला के बीच चलने वाली रेल सेवा शुक्रवार से अगले एक सप्ताह के लिए प्रभावित रहेगी। एक अधिकारी ने बताया कि मध्य कश्मीर के बडगाम से उत्तरी कश्मीर के बारामुला रेल लिंक पर इलेक्ट्रिफिकेशन का कार्य पूरा करने के लिए एक सप्ताह के लिए एक ट्रेन को स्थगित जबकि एक को शार्ट टर्मिनेट करने का निर्णय लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि 18 से 24 मार्च तक दोपहर में चार (11.40-3.40 बजे तक) घंटे बडगाम से बारामुला रेल लिंक पर ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (ओएचई) सिस्टम का काम किया जाना है, जिसके लिए कुछ ट्रेनें प्रभावित होंगी। उन्होंने बताया कि इस कार्य के चलते बडगाम-बारामुला के बीच चलने वाली रेल (रेल संख्या 04620) को पूरी तरह से अगले एक सप्ताह तक स्थगित करने का फैसला लिया गया है जबकि बनिहाल से बारामुला के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 04613 को बानिहाल से बडगाम तक ही चलने की अनुमति होगी। इसके अलावा बाकी ट्रेनें सामान्य रूप से चलेंगी।