जम्मू/श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि भाजपा ने हिजाब को मुद्दा बना दिया। इसका इस्तेमाल उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में फायदा उठाने के लिए किया। वह सिर्फ यहीं रुकने वाले नहीं हैं बल्कि मुसलमानों की एक-एक कर हर पहचान को मिटाने की कोशिश करेंगे। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि हिजाब एक जमात की पहचान से जुड़ा हुआ है। वह पार्टी की संसदीय मामलों की कमेटी की बैठक के बाद रविवार को श्रीनगर में पत्रकार वार्ता कर रही थीं।
महबूबा ने कहा कि भाजपा ने हिजाब प्रकरण से पूरे मुल्क को कठघरे में खड़ा कर दिया। पूरी दुनिया में देश की धर्मनिरपेक्ष छवि खराब हुई है। भाजपा के लिए हिंदुस्तानी मुसलमान का हिंदुस्तानी होना ही काफी नहीं है बल्कि वह भाजपा समर्थक है तभी मुसलमान है। आज जम्मू-कश्मीर के हालात बहुत ही ज्यादा खराब हैं। प्रदेश को प्रयोगशाला बना दिया गया। जम्मू-कश्मीर के लोगों के हक खत्म किए जा रहे हैं। उन्हें नौकरियां देने का वादा किया गया था परंतु लोगों को नौकरियों से निकाला जा रहा है। वर्ष 2019 से पहले के रिक्त पदों को समाप्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हम लोगों को भरोसा दिलाते हैं कि उनके हक के लिए लड़ाई लड़ेंगे। हमसे जो हो सकेगा करेंगे।
-----
अनंतनाग संसदीय सीट में राजोरी-पुंछ को जोड़ने पर उठाया सवाल
परिसीमन (डिलिमिटेशन ) पर बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा सरकार हर दिन कोई न कोई ऐसा निर्णय ले रही है जिससे जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ नाइंसाफी हो रही है। आयोग ने अंतरिम रिपोर्ट में जिस प्रकार की सिफारिशें की हैं वह समझ से बाहर है कि अनंतनाग लोकसभा सीट को कैसे पुंछ-राजोरी के साथ मिलाया जा रहा है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि आयोग भाजपा की मदद कर रहा है। कहीं एक लाख की आबादी को विधानसभा हलका बना दिया गया तो कहीं दो लाख की आबादी को। इसी तरह चिनाब वैली में भी लोगों के साथ नाइंसाफी की गई।
--------------
बॉर्डर बटालियन के अभ्यर्थियों की सुनवाई नहीं
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जम्मू में बॉर्डर बटालियन अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। आवाज उठाने वालों के खिलाफ केस दर्ज किए जा रहे हैं। राजनीतिक दलों के साथ-साथ पत्रकारों को भी नहीं छोड़ा जा रहा है। अगर हम बात करते हैं तो बंद कर दिया जाता है। कोई बात न करे, इसके लिए डर का माहौल पैदा किया जा रहा है।
--------------
जम्मू-कश्मीर को कमजोर करने की साजिश
पूर्व सीएम ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को विभाजित करने के बाद भाजपा हर वह काम कर रही है जिससे स्थानीय लोगों को कमजोर बनाया जा सके। बागवानी हमारी ताकत है ऐसे में ईरानी सेब बाजार में ला दिए गए ताकि हमारी पकड़ कमजोर हो। सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे रही। यहां हो रहे काम के ठेके हरियाणा व यूपी जैसे बाहरी राज्यों के लोगों को जा रहे हैं। यहां के लोगों को सरकार और गरीब करना चाहती है। बाहर के लोगों से कैसे इस प्रदेश की तरक्की होगी यह बात समझ से परे है।
-----------
पाकिस्तान से बात करनी होगी
मुफ्ती ने कहा कि सिर्फ अनुच्छेद 370 हटा देने से जम्मू-कश्मीर की तरक्की नहीं हो सकती। जब तक जम्मू-कश्मीर को राजनीतिक मसला नहीं माना जाएगा, इसके सभी पक्षों से बात नहीं होगी, तब तक यहां शातिं नहीं हो सकती। हमें आज नहीं तो कल पाकिस्तान से बात करनी ही होगी। आज वैश्विक स्तर पर राजनीति में बदलाव आ रहा है। हमें भी उस पर गौर करना होगा। हम दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) के अगुवा होते थे परंतु पाकिस्तान के साथ तनाव के कारण यह संगठन भी मृत प्राय हो गया।
-------------
पीएजीडी एकजुट रहेगा
पीडीपी अध्यक्ष ने कहा कि हमारी पार्टी की संसदीय मामलों की बैठक में रविवार को जम्मू-कश्मीर के ताजा हालात की समीक्षा की गई। हमें लगातार कमजोर किया जा रहा है। बैठक में यह भी तय किया गया कि पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकार डिक्लेरेशन (पीएजीडी) एकजुट रहेगा।
---------
आरुसा व ओवैसी के मसले को टाल गईं
कश्मीर की विंटर जोन की 12वीं की टॉपर छात्रा आरुसा परवेज की हिजाब को लेकर की गई टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग व एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हिजाब वाली पीएम के बयान पर पूछे गए प्रश्न पर महबूबा ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।