श्रीनगर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने ग्रामीण विकास विभाग के जूनियर असिस्टेंट मोहब्बत अली खान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने और सरकारी नौकरी में रहते हुए व्यावसायिक गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। एसीबी द्वारा किए गए सत्यापन के आधार पर तत्काल मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि उक्त लोक सेवक ने अपने साथ परिवार के सदस्यों के नाम पर अचल संपत्तियों के रूप में अपनी आय के ज्ञात स्रोत से ज्यादा बड़ी संपत्ति जमा की है।
इस संबंध में एसीबी बारामुला ने पीसी एक्ट एसएमवीटी-2006 की धारा 5(1)(ई) आर/डब्ल्यू 5 (2) और आरपीसी की धारा 168 के तहत एफआईआर 8/2021 दर्ज की है। जांच के दौरान भ्रष्टाचार निरोधक न्यायालय बारामुला से तलाशी वारंट हासिल कर मोहब्बत अली खान के हायहामा कुपवाड़ा, श्रीनगर, जम्मू और हॉट मिक्स प्लांट (मैसर्स नेशनल इंफ्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी) गुटलीपोरा, कुपवाड़ा में आवासीय/वाणिज्यिक परिसरों की तलाशी ली गई। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।