श्रीनगर। आईजीपी विजय कुमार ने सोमवार को बताया कि इस वर्ष अभी तक कुल 9 मुठभेड़ें हुई हैं जिनमें से एक उत्तरी कश्मीर और शेष दक्षिणी कश्मीर में हुई हैं। अब तक हुई इन मुठभेड़ों में कुल 19 आतंकियों को मार गिराया गया जिनमें से 9 को शोपियां में ही मार गिराया गया है। इन आतंकियों में से दो टॉप कमांडर उत्तरी कश्मीर का गनी ख्वाजा (अल-बद्र प्रमुख) और दक्षिण कश्मीर का सज्जाद अफ गानी (जैश सरगना) शामिल हैं। अभी तक 18 स्थानीय युवा आतंकवाद में शामिल हुए हैं जिनमें से 5 को मार गिराया गया है। तीन को गिरफ्तार किया गया जबकि बाकी के अभी भी सक्रिय हैं। जो सक्रिय हैं उनके अभिभावकों और करीबी रिश्तेदारों से संपर्क कर उनके बच्चों को मुख्यधारा में शामिल कराने की कोशिश जारी है।
जीओसी मेजर जनरल रश्मि बाली ने कहा कि यदि कोई भी स्थानीय आतंकी सरेंडर करना चाहता है तो हम अपनी जान की परवाह न करते हुए भी आखिरी वक्त तक समर्पण कराने की कोशिश करेंगे। 34 आरआर का जो जवान गोली लगने से घायल हुआ उसके पीछे भी कारण यही था। वह कवर लेकर आतंकी को लाने की कोशिश कर रहा था। कई युवा कई तरीकों से वापस लौटने के लिए संदेश भेजते हैं लेकिन कुछ रिंग लीडर्स के चलते ऐसा नहीं कर पाते। सुरक्षाबल हमेशा उनका सहयोग करेगी।