पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने गृह मंत्री के कश्मीर दौरे के दौरान उन्हें घर में नजरबंद किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें पार्टी कार्यकर्ता की शादी तक में शामिल होने नहीं जाने दिया जा रहा है। श्रीनगर पुलिस ने भी इसको लेकर जवाब दिया है।
जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को ट्वीट कर घर में नजरबंद किए जाने का आरोप लगाया है। इसी बीच श्रीनगर पुलिस ने भी उनके आरोप पर सफाई पेश की है। प्रदेश में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे हुए हैं। आज सुबह शाह ने श्रीनगर में वरिष्ठ अधिकारियों संग सुरक्षा समीक्षा बैठक की है और वह आज कश्मीर घाटी के बारामुला में जनसभा को संबोधित करने जा रहे हैं। इसी को लेकर प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। इसी बीच महबूबा मुफ्ती ने नजरबंद का दावा किया है।
विज्ञापन
क्या कहा महबूबा मुफ्ती ने
महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया पर दरवाजे पर लगे ताले का फोटो दर्शाते हुए लिखा, ' आज गृह मंत्री कश्मीर में सामान्य स्थिति की बात कर रहे हैं। मैं केवल एक कार्यकर्ता की शादी के लिए पट्टन जाने के लिए घर में नजरबंद हूं। अगर एक पूर्व सीएम के मौलिक अधिकारों को इतनी आसानी से निलंबित किया जा सकता है, तो कोई आम आदमी की दुर्दशा की कल्पना भी नहीं कर सकता है।'
श्रीनगर पुलिस ने क्या जवाब दिया
इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए श्रीनगर पुलिस ने जवाब दिया है। श्रीनगर पुलिस ने लिखा, 'यह स्पष्ट किया जाता है कि पट्टन के लिए किसी भी प्रकार की यात्रा पर कोई प्रतिबंध नहीं है। हमें दोपहर एक बजे पट्टन जाने के लिए सूचित किया गया है। उनके (महबूबा मुफ्ती) द्वारा ट्वीट की गई तस्वीर गेट के अंदर की है, जिसमें बंगले में रहने वाले निवासियों ने अपना ताला लगाया है। पुलिस की तरफ से कोई ताला या प्रतिबंध नहीं लगाया है। वह (महबूबा मुफ्ती) यात्रा करने के लिए स्वतंत्र है।
विज्ञापन
पुलिस के जवाब पर क्या बोलीं पीडीपी प्रमुख
श्रीनगर पुलिस के ट्वीट पर महबूबा मुफ्ती ने लिखा, ' मुझे बीती रात एसपी बारामूला ने सूचना दी थी कि मुझे पट्टन जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आज जम्मू कश्मीर पुलिस ने गेट को भीतर से बंद किया है और अब वे झूठ बोल रहे हैं। दुख की बात है कि कानून को लागू करने वाली एजेंसियां इस बात को छिपाने की कोशिश कर रही हैं।'