कश्मीरी पंडित संजय शर्मा की लक्षित हत्या को लेकर प्रदेशभर में लोगों में रोष है। इसे लेकर जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। सोमवार को मध्य कश्मीर के श्रीनगर के जवाहर नगर इलाके में भाजपा ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पाकिस्तान और आतंकवाद का पुतला जलाया गया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए पाकिस्तान और आतंकवाद का विरोध किया। वहीं, जम्मू में शिवसेना डोगरा फ्रंट ने भी पाकिस्तान के विरोध में प्रदर्शन किया।
मीडिया प्रमुख मंजूर अहमद भट ने कहा, 'पुलवामा में हमारे कश्मीरी पंडित भाई की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आतंकवादियों ने सोची समझी साजिश के तहत शांतिपूर्ण माहौल को बाधित करने की कोशिश की है। हम ऐसा नहीं होने देंगे।' उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी गुट बार-बार कश्मीर की धरती को लहूलुहान करने की नापाक साजिश रचते रहते हैं। लेकिन सुरक्षाबल उनके हर मंसूबों का मुंहतोड़ जवाब देंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा आज पूरी घाटी में पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। हम एलजी प्रशासन से घाटी के अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने की अपील करते हैं ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। वहीं, कुलगाम में भी विरोध प्रदर्शन किया गया। इससे पहले रविवार रात पुलवामा और बारामुला में भी लक्षित हत्याओं के खिलाफ कैंडल मार्च निकाला गया।