जम्मू-कश्मीर पुलिस के सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत हुआ वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बनी। युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर पुलिस के सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत बनी में वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में बनी के विभिन्न इलाकों से आई छह टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। रोमांचक फाइनल में बनी की टीम ने लोवांग को 2-1 से मात दी।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बनी और लोवांग की टीमों के बीच खेला गया। फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर लोवांग की टीम ने पहले सर्विस करने का फैसला किया। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते हुए दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। पहले सेट में बनी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। दूसरे सेट में लोवांग की टीम ने जोरदार वापसी की और सेट अपने नाम कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। तीसरे और निर्णायक सेट में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। खिलाड़ियों ने बेहतरीन सर्विस, स्मैश और डिफेंस के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक सेट में बनी की टीम ने बेहतर तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। इस तरह बनी की टीम ने फाइनल मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर टूर्नामेंट की विजेता बनने का गौरव हासिल किया। टूर्नामेंट के समापन पर जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से दोनों टीमों के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया गया। पुलिस की तरफ से दोनों टीमों को वॉलीबॉल किट वितरित की गई, जिसमें वॉलीबॉल और नेट सहित खेल से संबंधित आवश्यक सामग्री शामिल थी। इसके अलावा खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
युवाओं का मनोबल बढ़ता है : डीएसपी
डीएसपी बनी अमीन भट्ट ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं का मनोबल बढ़ता है। उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस लगातार प्रयास कर रही है कि युवा नशे से दूर रहें और खेलों सहित अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भाग लें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि युवाओं को सही दिशा देने और बनी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस की ओर से जागरूकता एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। डीएसपी अमीन भट्ट ने यह भी कहा कि आने वाले समय में वॉलीबॉल के अलावा क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ा जा सके।