त्योहारों के सीजन में पुलिस का शिकंजा, कालीबड़ी और हटली मोड़ सहित शहर में नाके
तीन यात्री बसें, तीन मिनी बसें और एक बुलेट मोटरसाइकिल जब्त, यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 20 लोगों के चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने शहर सहित कालीबड़ी और हटली मोड़ पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान छह बसों और बाइक को जब्त किया गया। वहीं, नियमों की अनदेखी करने वाले 20 लोगों के चालान भी काटे गए। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हलचल देखने को मिली। पुलिस कर्मियों ने वाहनों की जांच कर यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया।
त्योहारों के दौरान बाजारों और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। एसएसपी मोहिता शर्मा के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जब भी वाहन लेकर बाहर निकले तो वाहनों के जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें और यातायात नियमों को पालन करें।