सुहागिनों में उत्साह, चूड़ियों, मेहंदी, शृंगार के सामान और कपड़ों की दुकानों पर बढ़ने लगी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। करवाचौथ का पर्व नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। वीरवार को मनाए जाने वाले करवाचौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। त्योहार की तैयारियों के चलते महिलाएं खरीदारी करने के लिए बाजार का रुख कर रही हैं। बाजारों में चहल-पहल बढ़ने से दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक दिखाई देने लगी है।
करवाचौथ को लेकर महिलाएं नए कपड़े, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी, सौंदर्य प्रसाधन और शृंगार से जुड़ी अन्य वस्तुओं की खरीदारी कर रही हैं। इसके अलावा पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। करवाचौथ सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत रखती हैं। परंपरा के अनुसार महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को चंद्रमा के दर्शन करने और पूजा-अर्चना के बाद व्रत खोलती हैं।