संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। जिला समाज कल्याण कार्यालय अनंतनाग की ओर से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जोन वेरिनाग के पांच शैक्षणिक संस्थानों में तीन दिवसीय जागरूकता सह एजुकेशन किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा, सशक्तिकरण, सुरक्षा और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस दौरान एचइस हल्सदार,एमइस दुदवागन, रेन,एमइस चांगू और एचइस बटागुंड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्रों और शिक्षकों को बालिकाओं की शिक्षा के महत्व, लैंगिक समानता, बाल अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की सुरक्षा एवं संरक्षण तथा उनके कल्याण और सशक्तिकरण के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के तहत पांचों स्कूलों से पांच-पांच छात्राओं का चयन कर 25 छात्राओं को एजुकेशन किट वितरित की गईं। इन किट का उद्देश्य बालिकाओं को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।