अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष डॉ. औदिल फारूक मीर के नेतृत्व में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ जम्मू-कश्मीर कांग्रेस मुख्यालय में कथित वोट चोरी को लेकर चिंता जताते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह व चीफ इलेक्शन कमीश्नर ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके।
कांग्रेसियों ने जवाबदेही, चुनावी पारदर्शिता और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और अखंडता की सुरक्षा की अपनी मांग दोहराई। प्रदर्शन में सांसद पवन खेड़ा,(राज्यसभा) और अध्यक्ष, मीडिया और प्रचार, ऑज इंडिया कांग्रेस कमेटी भी शामिल हुए। इस प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस और महिला कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कर्मियों ने जलते हुए पुतलों को बुझाने और हटाने का प्रयास किया। वहीं, प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे और अपना लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराते रहे।