सांबा में आतंकी ठिकाना ध्वस्त, गोलियां व विस्फोटक बरामद
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सांबा जिले के कवला वन क्षेत्र में आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर गोला-बारूद बरामद किया है। पुलिस को सूचना मिली कि चीला डंगा क्षेत्र में आतंकी ठिकाना है। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर गोला-बारूद बरामद किया। इसे गुफा में छिपाकर रखा था। बरामद हथियारों में एके 47 की 29 गोलियां, एके राइफल की एक मैगजीन और 250 ग्राम विस्फोटक मिला। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। संवाद
चीला डंगा रहा है घुसपैठियों का पुराना मार्गचीला डंगा क्षेत्र पहले भी घुसपैठियों का पुराना मार्ग रहा है। इस क्षेत्र में आतंकियों के साथ मुठभेड़ हो चुकी हैं। सूत्रों के अनुसार, आतंकी सीमा से घुसपैठ कर चीला डंगा के जंगलों से होते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में प्रवेश करते थे। इसके बाद उनके मददगार उन्हें मंजिल तक पहुंचाते थे।
वर्ष 2006 में सपवाल क्षेत्र में सेना के साथ एक मुठभेड़ हुई थी, लेकिन आतंकी भाग निकले थे। वहीं, इन्हीं जंगलों में कई बार संदिग्ध देखे जाते रहे हैं। अगस्त 2024 में भी रात को संदिग्ध देखे गए थे, जिसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया था। अब इसी क्षेत्र से गोला-बारूद बरामद हुआ है।