जेएंडके बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) अमिताभ चटर्जी ने कहा कि बैंक इस वर्ष बड़ा भर्ती अभियान चलाएगा। इससे युवाओं को नौकरी का अवसर मिलेगा। शाखाओं का विस्तार भी किया जाएगा। बैंक बेहतर सेवा के संकल्प के साथ पूरे केंद्र शासित प्रदेश में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना चाहता है। बेहतर सेवा के लिए लोन पॉलिसी में बदलाव किया गया है। अनिवार्य सिक्योरिटी, गारंटर या सरकारी कर्मचारी गारंटर जैसी शर्तें हटा दी हैं। एमडी ने कहा कि बैंक अपनी वित्तीय स्थिति में सुधार के साथ नए कर्मचारियों को भर्ती करने के लिए तैयार है।
हमारा कॉस्ट-टू-इनकम रेशियो पहले लगभग 70 प्रतिशत था। अब यह घटकर 56 प्रतिशत हो गया है। पिछली तिमाही में यह लगभग 47 प्रतिशत रहा। अब हम ऐसी स्थिति में हैं, जहां भर्ती की जा सकती है। इससे बैंक को दूर-दराज के इलाकों में शाखाएं खोलने में भी मदद मिलेगी। हमारी तैयारी है कि जहां तीन से लेकर चार हजार तक आबादी है, वहां बैंक की शाखाएं खोली जाएं।
छोटी बस्तियों में अभी बिजनेस व्यापार प्रतिनिधियों के माध्यम से सेवाएं दी जा रही हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के कारोबार में 2.90 लाख करोड़ रुपये (13.61%) की रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। हर साल कारोबार में सुधार होगा। एमडी ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि अगर इंडस्ट्री 15 प्रतिशत की ग्रोथ करेगी, तो हम कम से कम 16 प्रतिशत की ग्रोथ करेंगे। एग्री टर्म लोन को पिछले साल अप्रैल में लांच किया। एक साल में तीन हजार करोड़ का लोन दिया है। हमारी योजना से करीब एक लाख किसान लाभान्वित हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में अधिकतर लोग बागवानी से जुड़े हैं। बहुत से लोगों को बैंक की इस योजना से लाभ मिला है।
सिस्टम बंद होने की समस्या लगभग खत्म
डिजिटल बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी चिंताओं पर एमडी और सीईओ ने कहा कि बैंक ने पिछले कुछ महीनों में सिस्टम के अपटाइम में काफी सुधार किया है। पिछले तीन महीनों से बिना किसी रोक-टोक के सिस्टम बंद होने की समस्या लगभग खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लेन-देन की मात्रा आम दिनों के मुकाबले 50 से 100 गुना बढ़ जाती है, जिससे बैंकिंग सिस्टम पर दबाव पड़ता है। इससे बचने के लिए सिस्टम को अपग्रेड किया गया है।