उधर, अपनी पार्टी ने सोमवार को जम्मू में पहला स्थापना दिवस मनाकर जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाली के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। गुज्जर देश चेरिटेबल ट्रस्ट में वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुलाम हसन मीर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा जल्द बहाल होना चाहिए। पार्टी पिछले एक साल से इस दिशा में संघर्ष कर रही है और आगे भी जारी रखेगी।
उन्होंने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि पिछले एक साल में पार्टी ने काफी कुछ हासिल किया है और जम्मू-कश्मीर में अपना मजबूत आधार बनाने में कामयाबी हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल शासन लोकतांत्रिक सरकार का कभी भी विकल्प नहीं हो सकता। प्रदेश में जल्द विधानसभा चुनाव होने चाहिए, ताकि चुनी गई सरकार लोगों की आकांक्षाओं को पूरा कर सके।
मीर ने नई औद्योगिक नीति की सराहना की और कुशल व अकुशल रोजगार में स्थानीय लोगों को 90 फीसदी आरक्षण देने की मांग उठाई। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी पर चिंता जताते हुए इसे कम करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपनी पार्टी शांति, विकास और खुशहाली के एजेंडे पर चल रही है। उपाध्यक्ष एजाज अहमद खान ने कहा कि विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ अपनी पार्टी का गठन हुआ है। महासचिव विक्रम मल्होत्रा ने कहा कि पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।