ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल मार्ग परियोजना का निर्माण कर रही आरवीएनएल (रेल विकास निगम लिमिटेड) वर्ष 2021 में क्षेत्र की जनता को दो महत्वपूर्ण तोहफे सौंपेगी। पहला 16 करोड़ की लागत से बन रहा राजकीय संयुक्त अस्पताल का नया भवन और दूसरा श्रीनगर-नैथाणा मोटर पुल।
श्रीनगर मेें जीआईएंटीआई मैदान से संयुक्त अस्पताल के नीचे से रेल सुरंग गुजरेगी। इसे देखते हुए वर्तमान अस्पताल के पीछे नए भवन का निर्माण करवाया जा रहा है। आरवीएनएल अब तक 52 बेड के इस भवन के निर्माण पर लगभग 16 करोड़ रुपये खर्च कर चुका है। मकर संक्रांति के दिन अस्पताल भवन के लोकार्पण होने की संभावना है। मंत्री धन सिंह के निर्देश पर अस्पताल के प्रांगण में चित्रकार मोला राम तोमर की प्रतिभा भी लगाई जा रही है।
वहीं, आरवीएनएल लगभग 85 करोड़ की लागत से 460 मीटर श्रीनगर-नैथाणा मार्ग का भी निर्माण करा रहा है। यहां 220 मीटर लंबा डबल लेन स्टील कंपोजिट गार्डर मोटर पुल सहित 240 मीटर लंबा वायाडक्ट (पिलरों के ऊपर सड़क) का भी निर्माण किया जा रहा है। साल 2021 में यह पुल चालू हो जाएगा। इस पुल के निर्माण से टिहरी और पौड़ी जिले के कई गांवों का सीधा यातायात संपर्क हो जाएगा। वहीं आरवीएनएल के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक पीपी बडोगा ने कहा कि संयुक्त अस्पताल का भवन जल्द ही स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया जाएगा। जबकि मोटर पुल जुलाई 2021 तक तैयार हो जाएगा।
बनेगा स्पोर्ट्स स्टेडियम
श्रीनगर। आरवीएनएल श्रीकोट में लगभग 7 करोड़ की लागत से बहुद्देश्यीय स्पोर्ट्स स्टेडियम का प्रोजेक्ट स्वीकृत किया है। साल 2021 में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। मंत्री धन सिंह ने इस मैदान को एसपीजी के मानकों के अनुसार बनाने के लिए कहा है, ताकि भविष्य में यहां प्रधानमंत्री की जनसभा भी हो सकें।