श्रीनगर पुलिस ने सुरक्षाबलों की वर्दी पहनकर लूट करने वाले दस लोगों के एक गैंग को पकड़ा है। सभी आरोपी नकली हथियार दिखाकर लोगों से जबरन पैसा वसूलते थे। इसके अन्य साथियों की अभी तलाश की जा रही है। पुलिस स्टेशन परिमपोरा में ख्वाजा बाग मलूरा निवासी मोहम्मद मकबूल भट्ट ने इस बारे में शिकायत दर्ज की थी।
उन्होंने बताया कि छह से सात लोग सेना और पुलिस की वर्दी पहनकर आधी रात को उनके घर में घुस आए। उनके पास बंदूक समेत अन्य हथियार भी थे। आरोपी सभी को बंधक बनाकर सोने के गहने, नकदी और अन्य सामान लूटकर ले गए। इसके अलावा होकरसर उमराबाद निवासी मोहम्मद रफीक अहंगर ने इसी तरह का केस दर्ज कराया।
आरोपियों को पता लगाने के लिए सिट का गठन
दो घटनाओं के बाद आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया। जांच के दौरानकई चीजों का पता चलने के बाद 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान तारिक अहमद राथर, हुसैन, मोहम्मद यूसुफ शेख, शाहबाज अहमद लावे, मंजूर अहमद वाजा, अल्ताफ अहमद, फारूक अहमद लोन, मोहम्मद मकबूल लावे, जान मोहम्मद शेख और बिलाल अहमद कुमार के तौर पर हुई।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: बांदीपोरा में लश्कर-ए-तैयबा आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, छह मददगार गिरफ्तार
रेकी करने के बाद घटनाओं को दिया अंजाम
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने इलाके की रेकी की थी। उन घरों का भी पता लगाया जिनके घरों में कोई समारोह होने वाला है। आरोपियों ने लोगों को डराने के लिए सेना की वर्दी और नकली राइफल भी अपने साथ रखी थी। जब वह किसी घर में घुसते थे तो सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर देते थे और उनके मोबाइल छीन लेते थे।