बारामुला। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक दिलबाग सिंह का कहना है कि उत्तरी कश्मीर मे आतंकवाद लगभग अपने अंतिम चरण में है। सुरक्षा बलों ने व्यापक स्तर पर सफलता हासिल की है। वह रविवार को यहां आयोजित खेल समारोह के दौरान मीडिया से बात कर रहे थे।
डीजीपी ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों के बेहतर आपसी तालमेल की वजह से आतंकवाद पर हमारी पकड़ मजबूत हुई है। स्थिति लगभग नियंत्रण में है। उम्मीद है कि जल्द ही यह इलाका आतंक से मुक्त होगा। दहशतगर्दों के खिलाफ जारी अभियान के बारे में कहा कि सर्दियों के बावजूद कश्मीर घाटी में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियानों में कोई बदलाव नहीं होगा, क्योंकि अपने पाकिस्तानी आकाओं के इशारों पर इन्होंने कश्मीर घाटी में निर्दोष लोगों को मारना शुरू कर दिया है, हम उनके नापाक मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे।
घाटी के लोगों को सुरक्षा मुहैया करा रहे
उन्होंने कहा कि हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि घाटी के लोगों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। पुलिस द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे खेल कार्यक्रमों पर उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास युवा पीढ़ी के कल्याण के लिए निकट भविष्य में जारी रहेंगे, हम यहां शांति और समृद्धि के लिए काम कर रहे हैं।