तालिबान व अफगानिस्तान की बातें कर जमीन खोज रही पीडीपी: सुनील शर्मा
सुनील शर्मा ने कहा कि हमने 28 विधायकों की बैठक में चुनाव की रणनीति तय की है। हम कोशिश करेंगे कि तीनों सीटें भाजपा ही जीते। पीडीपी के तालिबान के बयान पर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे ताज्जुब हो रहा है कि तीन विधायकों की पार्टी जिसे कश्मीरियों ने रिजेक्ट कर दिया वह अब तालिबान और अफगानिस्तान की बातें कर अपनी जमीन खोज रही है। वह बिजबिहाड़ा की समस्याओं की बात करें। अफगानिस्तान की बात करने के लिए रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय हैं। आप शोपियां और बिजबिहाड़ा तक सीमित हैं, वहीं की बात करें।
नेकां-कांग्रेस का नापाक अलायंस फेल
नेकां व कांग्रेस के अलायंस के सवाल पर कहा कि उनका नापाक अलायंस कभी सफल नहीं रहा है। कांग्रेस नेकां की कठपुतली रही है। नेकां ने हमेशा कांग्रेस को धक्का दिया है। आज भी कांग्रेस नेकां के आगे नतमस्तक है। हैरत की बात है कि भारत की इतनी बड़ी पार्टी का निर्णय नेकां कर रही है। वर्ष 1975 में जब कांग्रेस की सरकार थी तब भी इन्होंने जेल से लाकर शेख अब्दुल्ला को मुख्यमंत्री बनाया था। फिर भी कांग्रेस की कोई वैल्यू नहीं है।