श्रीनगर। कश्मीर घाटी में नागरिक प्रशासन और सेना ने संयुक्त रूप से 250 बिस्तर वाले कोविड केयर सेंटर की शुरूआत की। रंगरेथ में स्थापित किए गए इस सेंटर में 20 बेड आईसीयू और अन्य पोस्ट क्रिटिकल केयर के हैं। इस सेंटर की स्थापना से ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर और इसके आसपास के जिलों के कोरोना संक्रमितों को राहत मिलेगी।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि सेना की चिनार कोर ने कोरोना महामारी के दौरा में कश्मीर की आवाम की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सेहत को भी प्राथमिकता देते हुए रंगरेट में 250 बिस्तरों वाले इस सुविधा संपन्न कोविड सेंटर की स्थापना की है। उन्होंने बताया कि लगातार बढ़ते संक्रमण के कारण घाटी में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में इस सेंटर की स्थापना से अन्य अस्पतालों पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी। इस सेंटर में ऑक्सीजन के साथ हर प्रकार की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग के कोआर्डिनेटर सुमेश सेठ ने बताया कि संयुक्त रूप से इस अस्पताल का तैयार किया गया है जिससे लोगों की मदद हो सके।