अनंतनाग। पुलिस की ओर से सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) अशमुकाम में कॅरिअर प्रगति, नशा के खिलाफ और साइबर अपराध पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 500 छात्रों और विद्यालय के स्टाफ ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर एएसपी अशमकाम रमीज राजा उपस्थित हुए।
कार्यक्रम में एसडीपीओ पहलगाम फारूक अहमद और एसएचओ अशमुकाम गुलाम जिलानी ने कार्यक्रम के विषयों पर विद्यार्थियों के साथ जानकारी साझा की। वक्ताओं ने छात्रों को कॅरिअर योजना के बारे में जागरूक किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने बच्चों को नशे से दूर रहने को कहा। उन्होंने बच्चों को नशे से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को साइबर अपराध के बारे में जागरूक किया गया। इसमें छात्रों को जिम्मेदारी से डिजिटल व्यवहार, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने और साइबर संबंधित अपराधों की तुरंत रिपोर्टिंग करने के बारे में जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि युवाओं को मार्गदर्शन देने के लिए आगे भी इस तरह के जागरूक कार्यक्रमों को जारी रखा जाएगा। संवाद