आईजीपी विजय कुमार ने बताया कि दोनों के बारे में इनपुट मिलने पर श्रीनगर पुलिस के 10 जवान सिविल ड्रेस में गए। वहां पर इलाके का घेराव किया और उन्हें ललकारा। चेतावनी देने के बाद उधर से फायरिंग की गई जिसका जवाब दिया गया। इससे मुठभेड़ शुरू हो गई जिसमें दोनों आतंकी मारे गए। अब्बास ने आतंक फैला रखा था और नए युवाओं को आतंकवाद में भर्ती के लिए प्रेरित करता था जिसके चलते बच्चों के अभिभावक काफी परेशान थे। वह अभिभावकों से अपील करते हैं कि बच्चों को इस राह पर न जाने दें। जो चला गया है उसे वापस लाने की कोशिश करें हम उनका स्वागत करेंगे।
विजय कुमार ने बताया कि अब्बास शेख के इशारे पर ही साकिब मंजूर श्रीनगर में कई हत्याओं को अंजाम दे चुका था। चार और आतंकी वांछित हैं जिन्हें जल्द मार गिराया जाएगा। बता दें कि साकिब का एक वीडियो कुछ महीने पहले वायरल हुआ था जिसमें वह फिरन के नीचे से एके 47 निकालकर दो पुलिसकर्मियों पर हमला करता दिखा था। इस हमले में दोनों पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।