श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह समिति दो सप्ताह के भीतर जांच कर अपनी रिपोर्ट श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष को सौंपेगी।
श्री माता वैष्णो देवी मार्ग पर अर्द्धकुंवारी के पास हुए भूस्खलन में 34 श्रद्धालुओं की मौत के मामले की जांच होगी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह समिति दो सप्ताह के भीतर जांच कर अपनी रिपोर्ट श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष को सौंपेगी।
विज्ञापन
श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के निर्देश पर राजभवन के विशेष सचिव कृष्ण लाल ने शुक्रवार को इस बाबत आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार जल शक्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शालीन काबरा की अध्यक्षता में समिति बनाई गई है। इसमें मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार और पुलिस महानिरीक्षक भीमसेन टूटी को भी शामिल किया गया है।
समिति इन तीन बिंदुओं पर करेगी जांच
समिति घटना के पीछे के कारणों की विस्तार से जांच करेगी और कहीं कोई चूक हुई है तो उसका पता लगाएगी
राहत और बचाव कार्यों का आकलन करेगी
भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो, इसके लिए आवश्यक मानक और उपाय सुझाएगी
मां वैष्णो देवी यात्रा 3 सितंबर तक स्थगित
विज्ञापन
खराब मौसम और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए मां वैष्णो देवी यात्रा को 3 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। मौसम साफ रहने पर यात्रा बहाली पर फैसला लिया जाएगा। श्राइन बोर्ड ने 26 अगस्त को हुए हादसे पर अफसोस जताते हुए कहा है कि मौसम खराब होने के बाद यात्रा के पंजीकरण को स्थगित कर दिया गया था। जब मौसम खराब हुआ तो बड़ी संख्या में यात्री दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। कटड़ा समेत मां वैष्णो देवी भवन के आसपास अब भी लगातार बारिश हो रही है। इससे भूस्खलन की आशंका है।