श्रीनगर। पिछले दो दिनों से पर्वतीय इलाकों में हो रही बर्फबारी तथा मैदानी इलाकों में बारिश के बाद समूचे कश्मीर संभाग में शीत लहर शुरू हो गई। मौसम के अचानक बदले रुख से जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोगाें ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। रविवार को ठंड की वजह से अधिकतर लोग घरों से बाहर नहीं निकले। इधर, मौसम विभाग ने सोमवार को मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई है।
श्रीनगर मौसम विभाग के मुताबिक कश्मीर संभाग के मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। दूरदराज की पर्वतीय चोटियों पर रविवार को तड़के हल्की बर्फबारी हुई। बाबा अमरनाथ के इर्दगिर्द भी पर्वतों पर बर्फ गिरी। कई पड़ाव पर बर्फ पड़ने से पहलगाम में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। गुलमर्ग से लगी ऊंची पर्वतीय शृंखला पर भी बीती रात बर्फबारी हुई। इधर, शोपियां को पुंछ जिले से जोड़ने वाली मुगल रोड बारिश तथा बर्फबारी के कारण बंद हो गई है। पीर की गली तथा जिले के साथ लगते अन्य चोटियों पर बर्फ पड़ने की सूचना है। पीर की गली इलाके के मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को बारिश थमने की संभावना है। इस बीच, ठंड बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। रविवार को फेरन तथा अन्य गर्म कपड़े पहने नजर आए। हालांकि, रविवार को छुट्टी होने के बावजूद लोग ठंड के कारण घरों में रहे।