श्रीनगर। कश्मीर संभाग के मैदानी इलाकों तथा ऊपरी क्षेत्रों में शनिवार को बारिश के बीच हल्की बर्फबारी हुई। इससे तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इधर, मौसम के करवट लेने से शहर के कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति बाधित रही। श्रीनगर मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
कश्मीर के लगभग सभी जिलों में शनिवार को दोपहर बाद बारिश हुई, जो देर रात तक रुक-रुक तक जारी रही। बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। इस बारिश के साथ ही संभाग में ठंड ने दस्तक दे दी है। अमरनाथ गुफा के साथ लगते पर्वतों तथा गुलमर्ग के ऊपरी इलाके में मौसम का पहला हिमपात होने की सूचना है। लद्दाख संभाग के द्रास इलाके के ऊपरी इलाकों से भी बारिश के साथ-साथ हिमपात होने की जानकारी मिली है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया की श्रीनगर शहर में शाम तक 6.3 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। पहलगाम में 3 मिमी बारिश होने की सूचना है। बारिश तथा कुछ ऊपरी पर्वतीय इलाकों में हल्के हिमपात के कारण शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा।