श्रीनगर (ब्य्ूरो)। पीडीपी अध्यक्षा महबूबा मुफ्ती ने राज्य की वर्तमान स्थिति के लिए मौजूद सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कश्मीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए लोगों से पीडीपी को सहयोग देने की भी अपील की। महबूबा रविवार को कुलगाम जिले के केलम इलाके में जनसभा को संबोधित कर रही थीं।
नेशनल कांफ्रेंस की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि दरअसल कश्मीर समस्या इसी दल की देन है, लेकिन पीडीपी लोगों को इससे निजात दिलवाना चाहती है। समस्या के समाधान के लिए पीडीपी ने 2002 में ही प्रयास शुरू कर दिए थे। मुफ्ती मोहम्मद सईद के कार्यकाल के दौरान कश्मीर की स्थिति में सकारात्मक बदलाव आना शुरू भी हुआ था। इस समस्या के स्थायी हल के लिए एक रोडमैप भी तैयार किया है, लेकिन लोगों के सहयोग के बिना यह मुमकिन नहीं है। अपने भाषण के दौरान महबूबा ने 2003 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कश्मीर दौरे का भी जिक्र किया और कहा कि अटल जी ने इस समस्या को बातचीत के जरिए सुलझाने की घोषणा की थी।