श्रीनगर। शहर के अमीराकदल चौराहे पर शनिवार को आतंकी हमले में दो पुलिसकर्मियों के शहीद होने के मामले में पुलिस को अभी कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि इस घटना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का 25 जून से दो दिवसीय दौरा शुरू हो रहा है। उनके दौरे के मद्देनजर सुरक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को दिल्ली से सुरक्षा अधिकारियों का एक विशेष दल यहां पहुंच गया है। वैसे तो सुरक्षा एजेंसियां प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आश्वस्त थीं। लेकिन शनिवार को आतंकी हमले में दो पुलिस कर्मियों के शहीद होने के बाद सुरक्षा की पुन: समीक्षा के लिए मजबूर होना पड़ा है। पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने शहर के संवेदनशील इलाकों में दूसरे दिन भी घेराबंदी जारी रखी। पुलिस ने रविवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की चेकिंग की। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर गृह मंत्रालय भी जम्मू कश्मीर की स्थिति पर नजर रखे हुए है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी राज्य सरकार के अधिकारियों के संपर्क में हैं। प्रधानमंत्री तथा यूपीए अध्यक्ष की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली से सुरक्षा अधिकारियों का एक विशेष दल भी रविवार को यहां पहुंच गया है। विशेष दल में एनएसजी के जवान और अधिकारी भी शामिल हैं। वैसे तो प्रधानमंत्री और सोनिया गांधी राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। लेकिन अंतिम समय में अगर उनके कार्यक्रम में कोई फेरबदल नहीं होता है तो उनका श्रीनगर में ही कार्यक्रम होना तय है।