श्रीनगर। लोकसभा सचिवालय की तर्ज पर राज्य विधानसभा में भी जल्दी ही टीवी चैनल की सुविधा उपलब्ध करवाने पर राज्य सरकार विचार कर रही है।
इस बात की जानकारी आज सदन के सभापति मुबारक गुल ने उनके कार्यालय में आयोजित अधिकारियों की एक बैठक में दी। इतना ही नहीं उन्होंने विधानसभा सचिवालय के लिए वेबसाइट और कुछ दूसरी सुविधाएं भी शुरू करने के लिए कहा।
सभापति आज गठित विभिन्न हाउस कमेटियों के कामकाज का जायजा लेने के लिए अधिकारियों कर एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने राज्य विधानसभा से संबंधित अधिक जानकारी लोगों तक पहुंचने के लिए लोकसभा की तर्ज पर एक चैनल शुरू करने के लिए अधिकारियों से कहा। उन्होंने लोकसभा सचिवालय से तुरंत संर्पक साधकर इससे संबंधित सारी जानकारी एकत्रित करके एक प्लान तैयार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जम्मू और श्रीनगर कार्यालयों के लिए वेबसाइट सुविधा वाई-फाई सेवा के साथ शुरू करने तथा सचिवालय के कर्मचारियों के लिए इलेक्ट्रोनिक अटेंडेंट्स मशीन भी उपलब्ध करवाने के लिए कहा।
उन्होंने अधिकारियों से गठित हाउस कमेटियों के अध्यक्षों और सदस्यों को भी उनका काम सही ढंग से करने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए कहा। इसके अलावा कुछ और अहम मुद्दों पर भी बैठक में विचार हुआ।