गणतंत्र दिवस पर आतंकी साया बढ़ने लगा है। आतंकी कोई वारदात कर सकते हैं। ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैं। पुलिस ने भी गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को लेकर एहतियात के तौर पर बस स्टैंड थाने में अज्ञात दहशतगर्द के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इन अज्ञात लोगों की तलाश के लिए पुलिस ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया है। यह भी बताया जा रहा है कि शहर में कुछ संदिग्ध देखे भी गए हैं।
पुलिस के अनुसार बस स्टैंड पुलिस थाने में विस्फोटक अधिनियम और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ खुला मामला (ओपन एफआईआर) दर्ज किया गया है। संदिग्ध लोगों की शहर में मौजूदगी की सूचनाओं के बाद पुलिस सुरक्षा को लेकर सक्रिय हो गई है।
हीरानगर और सांबा में आतंकी हमले के बाद आशंकाएं जताई गई थीं कि कुछ और आतंकी घुसपैठ कर चुके हैं। कश्मीर से भी सुरक्षा बलों से मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी फरार होकर जम्मू पहुंच गया, जिसे बाद में पुलिस ने दबोच लिया। सीमा पर घुसपैठ की भी लगातार प्रयास जारी है।
एसएसपी अतुल कुमार गोयल के अनुसार जनरल इनपुट होने के कारण एहतियातन मामला दर्ज किया है। आतंकी वारदात के प्रयास की कोई विशेष इनपुट नहीं है। पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। स्टेडियम के आसपास सुरक्षा घेरे को भी बढ़ाया गया है।
गणतंत्र दिवस की सुरक्षा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं। गणतंत्र दिवस पर देशद्रोही और असामाजिक तत्वों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है।
सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। मुख्य समारोह स्थल के आसपास क्षेत्रों को भी खंगाला जा रहा है और नाके भी अलर्ट कर दिए गए हैं।