जिले की कोटरंका सब डिवीजन के तहत पड़ने वाले कंगोटा गांव में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी एवं हेल्थ सब सेंटर में औचक छापेमारी के दौरान वहां ताला लटकता देख गैर हाजिर दो हेल्थ वर्करों को निलंबित कर सीएमओ कार्यालय राजोरी से अटैच करने के निर्देश जारी कर दिए गए।
वहीं डिस्पेंसरी में तैनात दवासाज व क्षेत्र के एडीएमओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश भी की गई। कोटरंका के एसडीएम सुखपाल सिंह को पिछले काफी समय से स्वास्थ्य क्रेंद के बंद रहने की शिकायतें मिल रही थीं। वीरवार को एसडीएम के निर्देश के बाद कोटरंका के बीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र का औचक दौरा किया तो पाया कि करीब 11 बजे ही केंद्र पर ताला लटक रहा था।
वहीं मौके पर इंतजार कर रहे कुछ मरीजों के परिजनों ने बीएमओ को बताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र करीब दो महीनों से बंद पड़ा है। हर रोज मरीज यहां आते हैं, लेकिन ताला देख वापस चले जाते हैं। इस प्रकार से अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर बीएमओ ने फीमेल मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर (एफएमपीएचडब्ल्यू) कंचन देवी और शाहीन अख्तर को निलंबित कर दोनों को तुरंत सीएमओ कार्यालय अटैच करने के निर्देश दे दिए।
वहीं क्षेत्र के असिस्टेंट जिला चिकित्सा अधिकारी (एडीएमओ) और कंगोटी डिस्पेंसरी एवं स्वास्थ्य केंद्र में तैनात दवासाज मोहम्मद जमील के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने के लिए सीएमओ व एसडीएम को सिफारिश कर दी गई। इस संबंध में एसडीएम ने बताया कि दोनों नर्र्सों को निलंबित करने के बाद स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे के भीतर ही नई नियुक्ति कर दी जाएगी।