पिछले तीन दिन से जिले में हो रही भारी बर्फबारी सोमवार को थम गई। इसके बावजूद मार्ग न खुलने से मंडी तहसील के साब्जियां, गगड़ियां लोरन आदि क्षेत्रों के लोगों की परेशानियां जस की तस बनी रही।
मौसम साफ होने के चलते लोग मरीजों के लिए दवाओं की खरीदारी के लिए कई किलोमीटर पैदल चल कर मंडी कसबे में आने को मजबूर हुए।
तीन दिन से खराब चल रहा मौसम सोमवार को साफ हो गया। जिससे निचले क्षेत्रों के लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन मंडी तहसील के गगड़ियां, साब्जियां, लोरन आदि क्षेत्रों को अन्य इलाक ों से जोड़ने वाले मार्गों पर आज भी एक से डेढ़ फुट तक बर्फ जमा होने के चलते इन मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।
जिसके चलते लोगों की परेशानियां बरकरार रहीं। गगड़ियां निवासी शहीदा बेगम, मंजूर अहमद आदि कहना था कि बर्फबारी से जहां उनके गांव की तरफ यातायात ठप है, वहीं कई दिनाें से क्षेत्र में बिजली की सप्लाई भी नहीं हो रही है। कई लोग बीमार पडे़ हैं, जिन्हें उपचार के लिए बाहर भी नहीं ले जा सकते हैं।
हम दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में बसने वाले लोगों की परेशानियों की तरफ किसी का कोई ध्यान ही नहीं है। अगर सड़क से बर्फ ही हटा दी जाती तो हमें कुछ राहत मिलती। उधर, सोमवार को विंटर जोन के सरकारी स्कूल खुल जाने के कारण शिक्षकों और छात्रों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बर्फ के बीच कई किलोमीटर पैदल चल कर शिक्षक और छात्र स्कूलों में पहुंचे।