दो दिन पहले बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय के बीटेक छात्रों के बीच हुए झगड़े के बाद पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की थी।
इस बात की जानकारी जब अन्य छात्रों को हुई तो शुक्रवार को छात्रों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर हिरासत में लिए गए छात्रों को छोड़ने की गुहार लगाई।
छात्रों ने बताया कि बुधवार की रात बीटेक के कुछ छात्रों में किसी बात पर झगड़ा हुआ था। इसी दौरान पुंछ जिले के सुरनकोट निवासी एक छात्र की होस्टल के मेस की फर्श पर गिरने से उसके सिर पर चोट आ गई थी।
वहीं बीटेक के छात्र मोहम्मद वसीम, जुबेर अहमद, नसीर वानी आदि ने बताया कि गिरने से घायल हुए छात्र के मामले में पुलिस ने बिना किसी कारण ही कुछ छात्रों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस पर छात्रों को तंग करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने तुरंत छात्रों को छोड़ने की मांग की। वहीं मौके पर पहुंच कर विवि के रजिस्ट्रार ने प्रदर्शनकारी छात्रों को शांत करवाया।
इस संबंध में रजिस्ट्रार अब्दुल रशीद चौधरी ने बताया कि विवि ने छात्रों की लड़ाई की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी है।
चीफ प्राक्टर प्रो. मोहम्मद असगर की अध्यक्षता में टीम गठित कर जांच करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बीटेक छात्र के घायल होने पर उसके अभिभावकों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
पुलिस अपना कार्य कर रही है। विवि पुलिस के कार्य में कोई दखल नहीं दे सकती। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विवि में अनुशासन को बिगाड़ने और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल किसी भी छात्र को नहीं बख्शा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए गए छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।