शहर में बार-बार लगने वाले जाम की समस्या का समाधान करने के लिए जिला पुलिस ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में वीरवार को जिला और यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चला कर गलत पार्किंग या सड़क किनारे खड़े वाहनों को उठाया और पुलिस थाने पहुंचा दिया।
एसएसपी राजोरी डा. हसीब मुगल के नेतृत्व में टीम ने गुज्जर मंडी क्षेत्र, पांजा चौक, जवाहर नगर, पुराना बस अड्डा, सलानी व खेवरा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े वाहनों को उठवा कर पुलिस थाने में रखवा दिया।
इस अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 30 वाहनों को जब्त किया। इस संबंध में एसएसपी ने बताया कि शहर में जाम का मुख्य कारण गलत पार्किंग ही है।
कई बार लोगों को गलत पार्किंग और सड़क किनारे अपने वाहन खड़े न करने के निर्देश भी दिए गए हैं। लोगों से बार-बार सहयोग मांगने के बाद भी जब उन्होंने सहयोग नहीं दिया तो पुलिस को मजबूर होकर यह कार्रवाई करनी पड़ी।