सोमवार को जिले में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को अप्रैल के महीने में गर्म कपड़े पहनने को मजबूूूर होना पड़ रहा है। पुंछ में मूसलाधार बारिश के चलते नाले में बाढ़ आने से एक सड़क बह गई। आसमान पर काले बादल छाए रहने और बारिश होने से ठिठुरन से निजात नहीं मिल पा रही है। आलम यह है कि अप्रैल के माह में भी शहर वासियों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि अप्रैल के माह में इससे पहले कभी इतनी सर्दी महसूस नहीं की गई। मार्च माह लगते ही शहर वासी गर्म कपड़ों व स्वेटर को संभाल लेते थे, लेकिन इस साल लोग अप्रैल माह में भी गर्म कपड़े पहन रहे हैं।
लगातार हो रही बारिश के कारण ठिठुरन के चलते लोग सर्दी जुकाम, खांसी आदि बीमारियों के भी शिकार हो रहे हैं। जिला अस्पताल के विशेषज्ञ डॉ. जमील खान के अनुसार पिछले कुछ दिनों से सर्दी जुकाम, खांसी च गले में खारिश के अधिक मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिले के पहाड़ी इलाकों में भी बारिश व ओले गिरने का सिलसिला जारी है। जानकारी के अनुसार जिले की बुद्धल, कोटरंका, दरहाल, थन्नामंडी तहसीलों में सोमवार को बारिश व ओले गिरते रहे। पुंछ में रविवार को देर शाम करीब दो घंटे तक क्षेत्र में हुई मूसलाधार वर्षा से नगर के निकटवर्ती गांव दरा दुलियां से बेला की संपर्क सड़क बह गई। इससे लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो कर रह गई है।