राजोरी के ढांगरी के पीड़ित परिवारों के सदस्यों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के समक्ष अपनी मांगें पहुंचाने के लिए एक ज्ञापन तैयार किया, लेकिन वे उन्हें इसे सौंप नहीं पाए। ऐसे में उन्होंने व्हाट्सएप से कुछ प्रमुख मांगे गृह मंत्री के सामने रखीं। ढांगरी में मारे गए लोगों के सम्मान में ढांगरी वॉरियर्स नाम से सेना की टीए बटालियन बनाने, इसमें ढांगरी के युवाओं को भर्ती करने का प्रावधान करने का अनुरोध किया है। ताकि ढांगरी के उचित शहीदों को सम्मान मिल सके।
सरपंच धीरज शर्मा ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ढांगरी वॉरियर नाम से टीए बटालियन बनाती है तो जहां एक तरफ ढांगरी में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को सम्मान मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा ढांगरी में डिग्री कॉलेज बनाने की मांग भी गई है। शहीदों के नाम पर डिग्री कॉलेज में पढ़ाई करके बच्चे देश सेवा में अपना योगदान देंगे। पीड़ित परिवार के सदस्यों व सरपंच ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि गृह मंत्री उनकी दो प्रमुख मांग पर जरूर विचार करेंगे।
इसके अलावा उन्होंने आतंकी हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादियों को जल्द से जल्द मौत के घाट उतारने की मांग की है। उन आतंकवादियों के साथ शामिल स्थानीय लोगों को बेनकाब करने, ढांगरी में वीडीसी को पहले से अधिक मजबूत करना, वीडीसी सदस्यों को ऑटोमेटिक हथियार देना, ढांगरी में सीआरपीएफ के बजाय सेना के शिविर स्थापित करना और अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को भी ज्ञापन के माध्यम से गृह मंत्री के पास भेजा गया है।