राजोरी। जिले में एक माह बाद कोरोना संक्रमण से मौत का मामला सामने आया है। जीएमसी राजोरी में भर्ती कोरोना संक्रमित 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार महिला ठंडी कस्सी की निवासी थी, उसका जीएमसी में उपचार चल रहा है। जिले, में कोेरोना से मरने वालों की संख्या 238 पहुंच गई है।
डीसी राजेश कुमार शवन के आदेश पर मरने वाली महिला का अंतिम संस्कार कोविड एसओपी का पालन कर किया गया। उसके परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं बुधवार को राजोरी में दो लोग संक्रमित पाए गए हैं, जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 13 पहुंच गई है।
बुधवार को जिले भर में 18 वर्ष से अधिक आयु के 4982 लोगों का टीकाकरण किया गया है। इनमें 62 को पहली डोज और 4920 लोगों को दूसरी डोज दी गई है। जबकि जिले में कोविड वैक्सीन लेने वालों की संख्या 8,23,685 हो गई है।
-----
कोविड नियम तोड़ने वालों से वसूला 18 हजार रुपये जुर्माना
प्रवर्तन टीमों (ईटी) ने बुधवार को कोविड एसओपी का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करते हुए 18,900 रुपये जुर्माना वसूला। एक अप्रैल से लेकर अब तक 63 लाख 46 हजार रुपये तक जुर्माना वसूला गया है। अधिकारियों ने लोगों से अपने नजदीकी कोविड टीकाकरण केंद्र में वैक्सीन लेने के साथ मास्क पहनने और सार्वजनिक स्थानों पर सामाजिक दूरी का ध्यान रखने के लिए कहा है, ताकि कोविड संक्रमण को रोका जा सके।