सुंदरबनी। उपजिला तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में पांच दिन तक हुई बारिश के कारण अधिकतर ग्रामीणों क्षेत्रों को जाने वाली सड़कों की हालत इतनी खस्ता हो चूकी है कि वाहन चालक भी उक्त वाहनों ले जाने से कतरा रहे हैं। इस कारण लोगों को पैदल ही सफर करके सुंदरबनी तथा अन्य क्षेत्रों में पहुंचना पड़ रहा है।
मूसलाधार बारिशों के कारण सबसे ज्यादा खस्ताहालत पहाड़ी क्षेत्र के जाने वाली सड़कों की हुई है। इनमें मुख्य सड़क देवक हथल की है। जो उपजिला के पहाड़ी क्षेत्रों को उपजिला सुंदरबनी से जोड़ती है। उक्त सड़क पर सफर करने वाली पहाड़ी क्षेत्रों के ग्रामीणों ओम प्रकाश, कमल लाल, चूनी लाल, सुखदेव, देव राज आदि का कहना है कि पांच दिन तक लगातार मूसलाधार बारिश के कारण देवक हथल जाने वाली सड़क जगह-जगह टूट चूकी है जिस कारण अब वाहन चालक भी उक्त मार्ग पर वाहनों को ले जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों नें लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई कि लेतर देवक हथल की मरम्मत कराकर सड़क पर गड्ढों को भरा जाए। ताकि उक्त मार्ग पर यातायात सुचारु चल सके और लोगों को हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।