सड़क की खस्ता हालत को लेकर प्रदेशन
राजोरी। जिले के धनोर गांव में बुधवार को स्थानीय लोगों ने सड़क की खस्ता हालत को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय (बीजीएसबीयू) जाने वाले रास्ते को कई घंटों तक जाम कर दिया।
सरपंच आफताब अहमद के नेतृत्व में विरोध कर रहे स्थानीय लोगों ने शिकायत की है कि मुख्य सड़क पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण गांव से विश्वविद्यालय जाने वाला वैकल्पिक मार्ग काफी व्यस्त हो जाने के चलते खराब स्थिति में है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक इस मार्ग की मरम्मत नहीं हो जाती तब तक विश्वविद्यालय प्रशासन उन्हें परिसर के रास्ते मुख्य मार्ग तक नहीं पहुंचने दे रहा है। इससे ग्रामीणों के पास बाहर निकलने का कोई मार्ग नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क मरम्मत की मांग को लेकर घंटों जाम लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि बीजीएसबीयू की दो लेन वाली मुख्य सड़क को ठीक कराने के लिए 20 करोड़ रुपये से अधिक की एक परियोजना की मंजूरी दी गई है। इसके बावजूद अधिकारी सड़क के हिस्से को ठीक करने में विफल रहे हैं। इस परियोजना पर पिछले दो वर्षों से काम चल रहा है, लेकिन यह अब तक पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही और काम की खराब गति ने परियोजना को प्रभावित किया है। जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में रहने वाले हजारों लोगों को दैनिक जीवन में परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
प्रदर्शनकारियों को शांत करने के लिए स्थानीय प्रशासन अधिकारी मौके पर पहुंचे, और उन्होंने लोगों की मांगों को हल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया। लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि धन की कमी ने सड़क की मरम्मत में देरी हो रही है। मौजूदा खराब मौसम भी कार्य में बाधा डाल रहा है।