नियंत्रण रेखा पर स्थित गांव शाहपुर के ग्रामीणों ने एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की है। मांग के समर्थन में उन्होंने सोमवार को जिला प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नियंत्रण रेखा पर स्थित होने और बार-बार पाक सेना द्वारा गांव को निशाना बनाकर की जाने वाली गोलाबारी के चलते एक दशक से स्थायी एंबुलेंस तैनात करने की मंाग कर रहे हैं। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन में शाहपुर के दर्जनों बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल थे। पंचायत सदस्यों मोहम्मद नजीर, गुलाम हुसैन चौधरी, वकार चौधरी की अगुवाई में करीब डेढ़ घंटे यहां प्रदर्शन किया गया।
वकार चौधरी का कहना है कि गांव शाहपुर पुंछ नगर से करीब 35 किलोमीटर की दूरी पर पहाड़ पर एकदम पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र के साथ सटा हुआ है। यहां पर आए दिन पाक सेना की गोलीबारी होती रहती है। इसमें गांव के लोग घायल होते रहते हैं।
ऐसे में गांव में एक एंबुलेंस तैनात की जाए जो घायलों को शीघ्र अस्पताल तक पहुंचा सके। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांग को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस के लिए विभगीय अधिकारियों से इस वर्षों में कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन हर बार आश्वासन देकर चुप कर दिया जाता है, लेकिन अब चुपचाप नहीं बैठेंगे।