पुंछ-रावलाकोट बस सेवा सोमवार को एक बार फिर चलाई गई। इसमें सवार होकर 72 भारत-पीओके के नागरिक नियंत्रण रेखा के आर-पार हुए। इस अवसर पर अपनों से जुदा होने वालों की आंखें छलक आईं।
गौरतलब है कि ईद-ए-मिलाद उन नबी की छुट्टी के चलते स्थगित की गई पुंछ रावलाकोट बस सेवा पुन: बहाल की गई। स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह नौ बजे से ही लोग पहुंचने लगे थे।
दोपहर 11 बजे बस रवाना हुई, तो बस में सवार होने और उन्हें विदाई देने के लिए आए लोगों की आंखें छलक पड़ीं। करीब एक बजे राह-ए-मिलन के गेट खोले गए, तो सबसे पहले पुंछ-रावलाकोट बस में 41 लोग पीओके गए। इनमें पांच भारतीय नागरिक पहली बार उस पार बसे रिश्तेदारों से मिलने गए, जबकि 36 पीओके नागरिक भारत में रिश्तेदारों के पास सवा महीना बिताने के बाद लौटे।
इस अवसर पर पीओके से बस में सवार होकर 31 लोग भारतीय क्षेत्र में पहुंचे। इनमें 29 पीओके नागरिक भारत में बसे रिश्तेदारों से पहली बार मिलने के लिए पहुंचे, जबकि दो भारतीय नागरिक पीओके में बसे अपने बिछड़े रिश्तेदारों के पास सवा महीना बिता कर लौटे।