राजोरी। कोटरंका में पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के दौरे के दौरान डाक बंगले से तिरंगा हटा कर पीडीपी का झंडा लगाने के मामले ने अब और भी तूल पकड़ लिया है। सोमवार को भाजपा की जिला इकाई ने जिला प्रशासन और पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही तिरंगे का अपमान करने वालों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो भाजपा सड़क पर उतर कर उग्र प्रदर्शन करेगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने सोमवार को प्रेसवार्ता में कहा कि जिस दिन से महबूबा मुफ्ती राजोरी के 3 दिन के दौरे पर थीं तब से राजोरी का माहौल खराब कर आपसी भाईचारे को बिगाड़ने की साजिश रची जा रही थी। उनका राजोेरी का दौरा केवल राजोरी में आपसी भाईचारे और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने के लिए था। पीडीपी के समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने ही महबूबा मुफ्ती के दौरे के दौरान तिरंगा हटाकर पीडीपी का झंडा लगाया था, लेकिन अभी तक प्रशासन व पुलिस उनके खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की है। भाजपा ने पुलिस प्रशासन व जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही भारत के राष्ट्रीय ध्वज को अपमान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया तो भाजपा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर उग्र प्रदर्शन का सहारा लेंगे। प्रेसवार्ता में कौशल गुप्ता और रंजीता भी उपस्थित रहे।