पहाड़ी भाषा बोलने वालों ने एक बार फिर एसटी दर्जा देने की मांग की है। रविवार को दरहाल क्षेत्र में आयोजित एक दिवसीय कांफ्रेंस में पहाड़ी लोगों ने मांग के समर्थन में राज्य सरकार पर दबाव बनाया।
यूनाइटेड पहाड़ी फोरम के बैनर तले आयोजित कांफ्रेंस में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। कांफ्रेंस में काफी संख्या में युवा मौजूद रहे। फोरम के चेयरमैन जहांगीर खान ने कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि चार दशक से राजोरी-पुंछ सीमावर्ती जिलों के लोग एसटी दर्जे की मांग करते आ रहे हैं।
पूर्व सरकारों ने पहाड़ी भाषा बोलने वालों के साथ धोखा किया है। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि मौजूदा गठबंधन सरकार पहाड़ी लोगों की मांग को गंभीरता से लेगी और इसे पूरा करने के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने पहाडि़यों को पांच फीसदी आरक्षण देने के घोषणा की थी, लेकिन इसके बाद विधानसभा चुनावों के चलते आचार संहिता लागू हो गई। अब राज्य की मौजूदा सरकार को चाहिए कि वह तुरंत पांच फीसदी आरक्षण पहाड़ी लोगों को दे।
उन्होंने केंद्र सरकार से भी मांग को पूरा करने की अपील की है। फोरम ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हमें एसटी दर्जा नहीं दिया गया तो सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया जाएगा।